कौन सा ब्लॉगिंग प्लेटफार्म चुनें- वर्डप्रेस या ब्लॉगर?
एक ब्लॉगर के सामने ब्लॉगिंग की शुरुआत में आने वाली समस्याओं में सबसे बड़ी समस्या सही प्लेटफार्म चुनने की होती है. वैसे तो ब्लॉगिंग के लिए कई प्लेटफार्म उपलब्ध हैं, लेकिन ब्लॉगर्स में सर्वाधिक लोकप्रिय वर्डप्रेस और ब्लॉगर (blogspot) ही हैं. इसलिए चयन की दुविधा भी अक्सर इन्हीं दोनों के बीच रहती है. वर्डप्रेस और ब्लॉगर – दोनों के अपने फायदे और सीमाएँ हैं. किसी ब्लॉगर के लिए कौन सा प्लेटफार्म बेहतर होगा, यह काफी हद तक उसकी ज़रूरतों और अपेक्षाओं पर निर्भर है. इस पोस्ट में हम बारी-बारी दोनों प्लेटफॉर्म्स के सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं की चर्चा करेंगे और यह जानने की कोशिश करेंगे कि कौन सा प्लेटफार्म किस लिहाज से बेहतर है.
ब्लॉगर या ब्लॉगस्पॉट
ब्लॉगर गूगल का फ्री होस्टिंग प्लेटफार्म है. अर्थात् आप अपने ब्लॉग को बिना किसी खर्च के ब्लॉगर पर होस्ट कर सकते हैं. आपका ब्लॉग blogspot.com के सबडोमेन के रूप में काम करेगा. यह पाठकों को yourblog.blogspot.com के रूप में दिखेगा. (ब्लॉगर पर ब्लॉग बनाने के बारे में और जानकारी आप यहाँ देख सकते हैं.) आप चाहें तो अपना स्वतन्त्र डोमेन खरीदकर अपने ब्लॉग को उस डोमेन पर रिडायरेक्ट कर सकते हैं. ब्लॉगर इस स्थिति में भी आपके ब्लॉग को मुफ्त में होस्ट करता रहेगा. अब देखते हैं, अलग-अलग मानकों पर ब्लॉगर की क्या स्थिति है ?
खर्च
ब्लॉगर पर अपना ब्लॉग शुरू करने में सही मायने में कोई खर्च नहीं है. होस्टिंग पूरी तरह फ्री है. ब्लॉग को अपने मनमाफिक कस्टमाइज करने के लिए कई थीम भी मुफ्त में उपलब्ध हैं. अगर आप अपने ब्लॉग को blogspot के सबडोमेन की बजाय अपने स्वतन्त्र डोमेन पर देखना चाहते हैं तो आपको अपना डोमेन रजिस्टर कर ब्लॉग को उस पर रिडायरेक्ट करना होगा. आमतौर पर यह खर्च सालाना 1 हजार से कम होता है. डोमेन रजिस्टर करने का काम आप ब्लॉगर के द्वारा भी कर सकते हैं.
इस स्थिति में आप एक क्लिक में अपने ब्लॉग को उस डोमेन पर रिडायरेक्ट कर सकते हैं. लेकिन ब्लॉगर के माध्यम से डोमेन रजिस्टर करना थोड़ा महंगा होता है. इन पंक्तियों को लिखते समय ब्लॉगर पर डॉट कॉम डोमेन रजिस्टर करने का खर्च 860 रूपये है, जबकि यही डोमेन whois.com पर 700 से कुछ कम में उपलब्ध है. ब्लॉगर के अतिरिक्त कहीं और से डोमेन रजिस्टर कर आप उसे अपने ब्लॉग से जोड़ सकते हैं. (कस्टम डोमेन सेटिंग्स के लिए यहाँ देखें)
सुरक्षा
ब्लॉगर पर बनाए गए ब्लॉग गूगल के सर्वर पर होस्ट किये जाते हैं. इनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी गूगल स्वयं उठाता है. अर्थात् , अगर आपने अपना ब्लॉग ब्लॉगर पर बनाया है, तो उसकी सुरक्षा के लिए आपको परेशान होने की ज़रुरत नहीं है. गूगल के सर्वर्स सर्वाधिक सुरक्षित सर्वर्स में से एक हैं. गूगल समय समय पर ब्लॉगर को सुरक्षा के लिहाज से पैच भी करता रहता है.
इस्तेमाल की कठिनाई
ब्लॉगर का इंटरफ़ेस काफी यूजर फ्रेंडली है. कोई भी बिना किसी तकनीकी ज्ञान के इसे आसानी से इस्तेमाल कर सकता है. पोस्ट लिखना और उसे अपडेट करना काफी सरल है.
नियंत्रण
ब्लॉगर का सारा डाटा गूगल के सर्वर है. इस पर ब्लॉग के ओनर का कोई नियंत्रण नहीं है. गूगल द्वारा सेवा बंद कर देने की स्थिति में आप आपने डाटा पर कोई क्लेम नहीं कर सकते. विभिन्न सेवाओं को बंद करने का गूगल का पुराना इतिहास रहा है. ब्लॉगर में अपने ब्लॉग की अपीयरेंस को आप एक सीमा तक ही परिवर्तित कर सकते हैं. ब्लॉग के लेआउट में भी बहुत ज्यादा परिवर्तन संभव नहीं है.
एस ई ओ (SEO)
गूगल ने हाल के दिनों में ब्लॉगर के लिए कुछ एस ई ओ टूल्स दिए हैं. मसलन, आप अपने ब्लॉग के लिए मेटा डिस्क्रिप्शन सेट कर सकते हैं. अपनी पोस्ट्स के लिए कस्टम एस ई ओ फ्रेंडली यू आर एल सेट कर सकते हैं. ब्लॉग को गूगल वेबमास्टर के सर्च कंसोल से जोड़ सकते हैं. साईटमैप सबमिट कर सकते हैं. तस्वीरों के लिए alt टैग सेट कर सकते हैं. इन सबके बावज़ूद एस ई ओ के लिहाज से ब्लॉगर की सुविधाएं सीमित हैं.
वर्डप्रेस
वर्डप्रेस पर बात करने से पहले wordpress.com तथा wordpress.org के बीच के अंतर को समझना होगा. वर्डप्रेस डॉट कॉम एक फ्री होस्टिंग सेवा है. यह काफी हद तक ब्लॉगर की तरह ही काम करती है. इसलिए, इस पर अलग से चर्चा गैरज़रूरी है. अगर आप अपनी ब्लॉगिंग की शुरुआत बिना कुछ खर्च किये फ्री होस्टिंग के साथ करना चाहते हैं तो वर्डप्रेस की तुलना में ब्लॉगर निस्संदेह बेहतर है. इसलिए तुलना wordpress.org और ब्लॉगर के बीच ही होनी चाहिए. wordpress.org एक ओपन सोर्स सॉफ्टवेयर (वर्डप्रेस) प्रदान करता है, जिसे आप अपनी पसंद के किसी भी सर्वर पर होस्ट कर सकते हैं. आइये, अब देखते हैं, विभिन्न मानकों पर वर्डप्रेस (सेल्फ होस्टिंग) की स्थिति.
खर्च
वर्डप्रेस (सेल्फ होस्टिंग) के लिए आपको एक डोमेन नेम रजिस्टर करना होगा. इसके अतिरिक्त, सर्वर पर स्पेस बुक करना होगा, जहाँ आप अपने ब्लॉग को होस्ट करेंगे. इन दोनों को मिलाकर कम से कम तीन से साढ़े तीन हजार तक का न्यूनतम खर्च है, जिसे आपको हर साल वहन करना होगा. जिस तरह ब्लॉगर की संरचना के दो भाग हैं – थीम और गैजेट, उसी प्रकार वर्डप्रेस की संरचना के दो भाग हैं – थीम और प्लगिंस. वर्डप्रेस के लिए बहुत सारे मुफ्त थीम और प्लगिंस उपलब्ध हैं. ये वर्डप्रेस द्वारा उपलब्ध कराए हुए भी हैं और थर्ड पार्टीज के द्वारा. वस्तुतः अपने ब्लॉग की शुरुआती जरूरतों के लिए आपको जितने प्लगिंस की आवश्यकता होगी, वो सारे मुफ्त में उपलब्ध हैं.
इस प्रकार, वर्डप्रेस पर ब्लॉगिंग के लिए आपको 3000 से 3500 रुपये तक प्रतिवर्ष खर्च करने पड़ेंगे.
सुरक्षा
ब्लॉगर पर होस्ट किये गए ब्लॉग की सुरक्षा का पूरा उत्तरदायित्व गूगल पर होता है. वर्डप्रेस साईट को सुरक्षित रखने के लिए ब्लॉग ओनर को स्वयं सतर्क रहना पड़ता. निश्चित तौर पर वर्डप्रेस भी ब्लॉगिंग के सुरक्षित प्लेटफॉर्म्स में से एक है. इसके बावज़ूद थर्ड पार्टी प्लगिन्स और थीम के उपयोग के कारण कई बार आपके ब्लॉग की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है. अगर आप सतर्क हैं और आपने अपने ब्लॉग की सुरक्षा के इंतजाम कर रखे हैं, तो आपका ब्लॉग सुरक्षित है.
इस्तेमाल की कठिनाई
वर्डप्रेस का इस्तेमाल ब्लॉगर की अपेक्षाकृत कठिन है. अगर आप वर्डप्रेस (सेल्फ होस्टेड) पर अपना ब्लॉग बनाते हैं , तो आपको सर्वर और डाटाबेस संबंधी तकनीकी जानकारियाँ होनी चाहिए. अन्यथा आपको ब्लॉग होस्टिंग का कार्य किसी पेशेवर से कराना होगा. वैसे , आजकल कई होस्टिंग कम्पनियाँ वर्डप्रेस के लिए वन क्लिक इनस्टॉल की सुविधा देती हैं. आप इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं. जहाँ तक पोस्ट लिखने और अपडेट करने की बात है, वर्डप्रेस ब्लॉगर जितना ही सरल है.
नियंत्रण
ब्लॉगर के विपरीत, वर्डप्रेस (सेल्फ होस्टेड) पर आपके ब्लॉग का सम्पूर्ण नियंत्रण आपके हाथों में होता है. फाइल्स से लेकर डाटाबेस तक, सब कुछ आपकी पहुँच में होते हैं. आप कभी भी अपने ब्लॉग को एक होस्ट से दूसरे होस्ट तक ले जा सकते हैं. यह वैसा ही है, जैसे किराए के एक मकान को छोड़कर दूसरे मकान तक जाना. अपने वर्डप्रेस ब्लॉग को आप अपनी ज़रुरत के मुताबिक़ मनचाहा लुक और अपीयरेंस दे सकते हैं.
एस ई ओ (SEO)
सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन की दृष्टि से वर्डप्रेस ब्लॉगर से काफी बेहतर है. बहुत सारे मुफ्त प्लगिंस की उपलब्धता भी आपके काम को आसान बनाती है.
आइये , अब एक बार फिर से देखें कि विभिन्न मुद्दों पर विजेता कौन है ?
खर्च : विजेता ब्लॉगर
सुरक्षा : विजेता ब्लॉगर
इस्तेमाल की कठिनाई : विजेता ब्लॉगर
नियंत्रण : विजेता वर्डप्रेस
पोर्टेबिलिटी : विजेता वर्डप्रेस
कस्टमाइजेशन : विजेता वर्डप्रेस
एस ई ओ : विजेता वर्डप्रेस
निष्कर्ष
ऊपर के विश्लेषण से यह स्पष्ट है कि जहाँ तक खर्च और जटिलता की बात है, ब्लॉगर का प्लेटफार्म बेहतर है. लेकिन, बात जब एस ई ओ और नियंत्रण की आती है, वर्डप्रेस को चुनना ज्यादा श्रेयस्कर है. इसलिए , कौन सा प्लेटफ़ॉर्म चुनना चाहिए, इसका निर्णय इस बात पर निर्भर करेगा कि आप ब्लॉग बनाना क्यों चाहते हैं? अगर आप ब्लॉग सिर्फ अपने आप को अभिव्यक्त करने के लिए बनाना चाह रहे हैं, तो ब्लॉगर आपके लिए बेहतर है. इस पर आप बिना किसी खर्च और कठिनाई के अपनी ब्लॉगिंग शुरू कर सकते हैं.
लेकिन, यदि आप ब्लॉगिंग के माध्यम से अर्थोपार्जन का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं या अपनी कंपनी अथवा ब्रांड को प्रमोट करना चाहते हैं तो वर्डप्रेस को चुनना ही सही कदम होगा. वर्डप्रेस में असीम संभावनाएँ हैं . आप सही SEO के द्वारा अपने ब्लॉग को लाखों पाठकों तक पहुंचा सकते हैं. अपने ब्रांड को स्थापित कर सकते हैं.
अब तय कीजिये , आपको कौन सा प्लेटफ़ॉर्म चुनना है.

August 18, 2018 @ 11:49 pm
सुना हु कि इसके जरिये पैसा भी मिल जाता है ब्लॉग में लिखने पर ये सच है क्या
August 18, 2018 @ 11:51 pm
ब्लॉगिंग से पैसे कमाने के तरीकों पर जल्दी ही लिखता हूँ…
August 18, 2018 @ 11:57 pm
बहुत बढ़िया जानकारी। यह साइट हमारी अपनी भाषा में बेहद कारगर जानकारी दे रहा है। और अधिक पोस्ट की अपेक्षा है।
August 19, 2018 @ 12:01 am
धन्यवाद. कोशिश रहेगी अपेक्षाओं को पूरा करने की..
August 19, 2018 @ 7:58 am
ज़रूरी जानकारी अपनी भाषा में, मुझे लगता है कि आपके इस प्रयास से एक बड़ा वर्ग जो तकनीक से दूर है वो कंप्यूटर्स से जुड़ेगा. ब्लॉग भी बना पाएगा और नई संभावनाएं भी तलाशेगा.. आपका ब्लॉग भी वर्डप्रेस पर है शायद..
August 19, 2018 @ 8:36 am
धन्यवाद. यही उद्देश्य है. जी..ये ब्लॉग वर्डप्रेस पर ही है.
August 19, 2018 @ 8:58 am
बढ़िया
August 19, 2018 @ 11:17 am
ज्ञानवर्धक लेख। बस ब्लॉगर में ब्लॉग का बेकअप आसानी से लिया जा सकता है। मैं चूँकि blogger ही इस्तेमाल करता हूँ तो कुछ इंटरवल के बाद बेकअप तैयार कर देता हूँ ताकि डाटा की कॉपी मेरे पास रहे। ये बेकअप अक्सर xml फाइल के फॉर्म में होता है जिसे आसानी से कहीं भी एक्सपोर्ट और इम्पोर्ट कर सकते हैं। इस तरह से आप blogger में अपना डाटा अपने पास रख सकते हैं। बाकी उत्तम जानकारी। काफी कुछ सिखाती है। ऐसे ही पोस्ट करते रहिये।
August 19, 2018 @ 11:50 am
बैकअप दोनों में आसानी से लिया जा सकता है. डिटेल जोड़ कर अपडेट करता हूँ.
August 20, 2018 @ 10:34 am
bahut hi badhiya aur gyanvardhak jankari,