ब्लॉगर पर ब्लॉग के पेज लोडिंग को तेज कैसे करें
अच्छा ब्लॉग बनाना एक बात है और उस ब्लॉग पर विजिटर्स की संख्या बढ़ाना बिल्कुल दूसरी बात . आपने एक बहुत अच्छा ब्लॉग बनाया है . उस पर कंटेंट भी गुणवत्तापूर्ण है. इसके बावजूद आपके ब्लॉग को पढ़ने वालों की संख्या सीमित है. इसके क्या कारण हो सकते हैं?
वास्तव में ब्लॉग पर पाठकों की संख्या कम होने के कई कारण हो सकते हैं . उनमें से एक महत्वपूर्ण कारण है , आपके ब्लॉग की सुस्त रफ़्तार अर्थात धीमी पेज लोडिंग . ब्लॉग के पेज लोड होने में जितना ज्यादा समय लगेगा, उतना ही यह विजिटर्स को आपके ब्लॉग से दूर करेगा. आमतौर पर यह देखा गया कि अगर किसी पेज को खुलने में कुछ सेकंड से ज्यादा समय लग रहा है तो विजिटर उसे छोड़कर आगे बढ़ जाता है. एक अध्ययन के अनुसार, अगर किसी ब्लॉग के पेज लोडिंग में 3 सेकंड्स से ज्यादा समय लगता है, 40% विजिटर्स उसे बंद कर देते हैं.
अगर आप अपने ब्लॉग पर विजिटर को रोक कर रखना चाहते हैं तो यह अत्यधिक ज़रूरी है कि अपने ब्लॉग को फ़ास्ट पेज लोडिंग के लिए ऑप्टिमाइज़ करें. ब्लॉग के लोडिंग में लगने वाला समय जितना कम होगा, विजिटर के आपके ब्लॉग पर रहने और उसके वापस आने की संभावना उतनी ही अधिक होगी. ब्लॉग की सुस्त चाल आपके SEO को भी प्रभावित करती है. धीमी रफ़्तार वाले ब्लॉग सर्च इंजन्स की रैंकिंग में कभी अच्छा प्रदर्शन नहीं करते.
पेज लोडिंग को तेज कैसे करें
आइये देखते हैं कि किन उपायों को अपना कर अपने ब्लॉग की कछुए सी रफ़्तार को खरगोश के समान तेज बनाया जा सकता है. सबसे पहले अपने ब्लॉग की पेज लोडिंग स्पीड को चेक कीजिये . इसके लिए आप GTmetrix का प्रयोग कर सकते हैं. ब्लॉग की स्पीड चेक करने के बाद रिपोर्ट को सेव कर लीजिये.

GTmetrix के अतिरिक्त आप निम्नलिखित टूल्स का प्रयोग अपने ब्लॉग की स्पीड जांचने के लिए कर सकते हैं….
अब शुरू करते हैं ब्लॉग को तेज बनाने की प्रक्रिया.
1. ब्लॉग में प्रयुक्त इमेजेस को ऑप्टिमाइज़ करें
किसी भी ब्लॉग की रफ़्तार में उसमें इस्तेमाल तस्वीरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. गौर करें , तो किसी भी वेबसाइट में मेमोरी का बड़ा हिस्सा तस्वीरों का होता है. तस्वीरों का यह ज्यादा बोझ ही ब्लॉगर के ब्लॉग के धीमा होने का भी बड़ा कारण है. तस्वीरों को ऑप्टिमाइज़ करते ही आपको अपने ब्लॉग की रफ़्तार में फर्क महसूस होने लगेगा. तो अब देखते हैं ,कैसे ऑप्टिमाइज़ कर सकते हैं ब्लॉग की तस्वीरों को .
(क) सही साइज़ की तस्वीरों का प्रयोग करें
अमूमन हम किसी भी आकार की तस्वीर पोस्ट के साथ लगा देते हैं और बाद में ब्लॉगर पर उसे html टैग से रिसाइज करते हैं. यह तरीका सही नहीं है, क्योंकि इससे ब्लॉग की गति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है. वैसे भी html या css से तस्वीर को रिसाइज़ करने के बावज़ूद साइट पर लोड ओरिजिनल तस्वीर ही होती है. उचित यह है कि उसी आकार की तस्वीर अपलोड की जाय , जिस आकार में आप उसे ब्लॉग पर देखना चाहते हैं. तस्वीर को रिसाइज़ करने के लिए आप किसी भी इमेज एडिट टूल का सहारा ले सकते हैं.
अगर आप विंडोज का सिस्टम इस्तेमाल कर रहे हैं तो इसके इनबिल्ट एडिट टूल (paint) का सहारा ले सकते हैं . इसके लिए अपने कंप्यूटर में तस्वीर पर राईट क्लिक कीजिये और उसके बाद एडिट का विकल्प चुनिए. इसके बाद तस्वीर एडिट के लिए ओपन हो जाएगी. स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करके आप आसानी से अपनी इमेज को रिसाइज़ कर सकते हैं. रिसाइज़ की हुई तस्वीर को ब्लॉग पर अपलोड करें. इसके बाद आपको html सेटिंग्स से इमेज को रिसाइज़ करने की ज़रुरत नहीं रहेगी.
(ख) तस्वीरों को कंप्रेस करें
अमूमन सामान्य तस्वीरें इतनी भारी भरकम होती हैं कि ये स्टोरेज के लिए 2 से 3 MB तक जगह घेरती हैं. ऐसी तस्वीरें वेब या ब्लॉग के अनुकूल नहीं होती. ये न सिर्फ आपके ब्लॉग को धीमा कर देती हैं, बल्कि सेल्फ होस्टेड अकाउंट में आपके संसाधनों का बड़ा हिस्सा व्यर्थ कर देती हैं. आप अपनी तस्वीरों को ब्लॉग पर अपलोड करने से पहले उन्हें कंप्रेस कर उनके भार को एक चौथाई से भी कम कर सकते हैं . उदहारण के लिए , आपके किसी पोस्ट में कोई तस्वीर 2 MB की है तो आप उसे कंप्रेस कर 300-400 kb की बना सकते हैं. ज़ाहिर है , किसी पेज पर 2 MB की तस्वीर को लोड होने में ज्यादा समय लगेगा, जबकि 300-400 kb की तस्वीर ज़ल्दी लोड होगी, जिससे पेज लोडिंग भी तेज होगी . चिंता न करें, आपकी तस्वीरों की गुणवत्ता पर इसका बहुत कम प्रभाव होगा, जो नंगी आँखों से दिखाई नहीं देगा. तस्वीरों को कंप्रेस करने के लिए आप ऑनलाइन उपलब्ध किसी भी टूल का सहारा ले सकते. कुछ ऑनलाइन इमेज कॉम्प्रेस्सिंग टूल नीचे देखें.
TinyPNG : मैं TinyPNG का प्रयोग करता हूँ. jpeg और png फाइल वाली तस्वीरों को कंप्रेस करने के लिए यह शानदार टूल है. कंप्रेस की हुई तस्वीरें अपने कंप्यूटर में सेव कर लें . अब आप इसे अपने ब्लॉग पर इस्तेमाल कर सकते हैं.
Optimizilla : अगर आप अपनी jpeg या png तस्वीरों को एक साथ कंप्रेस करना चाहते हैं तो Optimizilla का इस्तेमाल कर सकते हैं . यहाँ आप एक साथ 20 तस्वीरों को कंप्रेस कर सकते हैं.
Kraken : अगर आप अपनी तस्वीरों को कम्प्रेस करने के साथ साथ रिसाइज़ भी करना चाहते हैं तो Kraken एक बढ़िया विकल्प है. यद्यपि इसका प्रो वर्शन भी उपलब्ध है, लेकिन आपका ध्येय इसकी मुफ्त सेवा से ही पूरा हो जायगा.
JPEG Optimizer : अगर आप सिर्फ jpeg तस्वीरों को कंप्रेस करना चाहते हैं तो JPEG Optimizer का प्रयोग कर सकते हैं. यह तस्वीरों को कंप्रेस करने के साथ उन्हें रिसाइज़ भी करता है.
CompressNow : CompressNow पर आप तस्वीरों के कम्प्रेशन का प्रतिशत तय कर सकते हैं. पहले ज्यादा प्रतिशत के साथ ट्राई कीजिये . अगर आपको लगे कि तस्वीर की गुणवत्ता ज्यादा कम हो गई है तो प्रतिशत कम कर लें.
इस प्रकार आप इन टूल्स का प्रयोग करके अपनी तस्वीरों को ब्लॉग के लिए अनुकूल बना सकते हैं. ब्लॉग की तस्वीरों को कंप्रेस और रिसाइज़ तस्वीरों से बदलने के बाद इसकी पेज लोडिंग स्पीड को GTmetrix से दुबारा चेक करें. फर्क दिखा ? इसे और रफ़्तार देना चाहते हैं ? आगे चलें .
2. ब्लॉग होमपेज पर पोस्ट की संख्या सीमित करें
ब्लॉग के होमपेज पर जितने अधिक पोस्ट रहेंगे, पेज लोडिंग में उतना ही अधिक समय लगेगा. इसलिए होमपेज पर पोस्ट की संख्या को 10 तक सीमित रखें . अगर आपके पोस्ट अधिक लंबे हैं (2500 शब्द या उससे अधिक ) तो पोस्ट की संख्या को और कम रखें.
ब्लॉगर पर होमपेज पोस्ट की संख्या कैसे सीमित करें
(क) सबसे पहले अपने ब्लॉगर अकाउंट में लॉग इन करें.
(ख) बाईं और के पैनल में Layout पर क्लिक करें.
(ग) अब आपकी थीम का layout खुल जायगा. इसमें Blog Posts ढूंढें और उसके Edit विकल्प पर क्लिक करें . (समझने के लिए नीचे की तस्वीर देखें )

(घ) Configure Blog Posts का एक पॉप अप खुलेगा . इसमें मेन पेज आप्शन्स का पहला विकल्प होम पेज पर पोस्ट की संख्या निर्धारित करने का है . 10 या उससे नीचे की कोई पोस्ट संख्या चुनें और सबसे नीचे सेव बटन दबाकर सेव कर लें. अपने ब्लॉग के होमपेज पर जाकर देखें . अब उस पर उतनी ही पोस्ट प्रदर्शित होगी , जितने आपने निर्धारित किये हैं.

3. होमपेज पर पूरे पोस्ट की जगह अंश दिखाएँ
होमपेज पर लंबे-लंबे पोस्ट प्रदर्शित करने की जगह उसका छोटा सा अंश दिखाना भी आपके ब्लॉग की पेज लोडिंग स्पीड को बढ़ा सकता है. इस स्थिति में पूरे पोस्ट की जगह उसका छोटा हिस्सा ही लोड होगा, जिसमें अपेक्षाकृत कम समय लगेगा. पूरे पोस्ट की बजाय पोस्ट का हिस्सा दिखाने के लिए किसी भी पोस्ट के एडिट आप्शन में जाएँ और उस स्थान पर क्लिक करें, जहाँ तक का हिस्सा आप पोस्ट के अंश में दिखाना चाहते हैं. अब नीचे चित्र में दिखाए गए ढंग से insert jump break पर क्लिक करें. अब पोस्ट का उतना ही हिस्सा होमपेज पर दिखेगा.

4. गैरज़रूरी गैजेट न रखें
ब्लॉग में जितने गैजेट होंगे, ब्लॉग उतना ही धीमा होगा. कई बार हम अपने ब्लॉग पर उन गैजेट्स को भी जोड़ लेते हैं, जिनकी हमें कतई ज़रुरत नहीं होती. ये गैजेट्स कई बार तो हम दूसरे ब्लॉग्स की देखादेखी जोड़ लेते हैं तो कई बार ये उन थीम्स के साथ आ जाती हैं, जिन्हें हम अपने ब्लॉग के लिए इस्तेमाल करते हैं. ये गैरज़रूरी गैजेट्स पेज लोडिंग तो धीमी करते ही हैं, पाठकों का ध्यान भी पोस्ट से बाहर ले जाते हैं. किसी भी ब्लॉग का केंद्र उसके पोस्ट होते हैं. हर ब्लॉगर की पहली कोशिश यही होनी चाहिए कि उसके पाठकों का ज्यादा से ज्यादा ध्यान पोस्ट की और रहे. इसलिए, कोशिश करें कि पोस्ट की साइडबार में उतने ही गैजेट्स रहें, जितने ज़रूरी हैं.
किसी भी गैजेट को हटाने के लिए
1. ब्लॉग के लेआउट में जाएँ.
2. उस गैजेट के एडिट बटन पर क्लिक करें. एक पॉपअप खुलेगा.
3. यहाँ रिमूव पर क्लिक करे. गैजेट आपके लेआउट से रिमूव हो जायगा.
5. जावास्क्रिप्ट और एचटीएमएल कोड का प्रयोग कम से कम करें
किसी भी साईट पर जावास्क्रिप्ट और एचटीएमएल अलग-अलग लोड होते हैं. इसलिए, इनका ज्यादा प्रयोग आपके ब्लॉग के लोड होने के समय को बढ़ा देता है. कोशिश करें, कि इनका प्रयोग कम से कम हो . अगर प्रयोग करना ज़रूरी हो , तो इसके लिए ब्लॉग के निचले हिस्से (बॉटम) को चुनें. ध्यान रखें, आपके ब्लॉग के लोड होने का क्रम ऊपर से नीचे की ओर होता है. इसलिए, भारी भरकम कोड अगर ब्लॉग के निचले हिस्से में रखे जाएँ तो इनके लोड होने से पहले ब्लॉग के ऊपर का हिस्सा लोड हो जाता है और आपके पाठक को प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ती.
अगर आपने इन कोड्स का प्रयोग गैजेट्स में कर रखा है, तो उन्हें नीचे ले जाना आसान है. ब्लॉग के लेआउट में जाएँ और इन गैजेट्स को ड्रैग कर फूटर और साइडबार या पोस्ट के निचले हिस्से में ले जाएँ. अगर जावास्क्रिप्ट ये एचटीएमएल का प्रयोग ब्लॉग की मेन बॉडी में किया है तो उसे क्लोजिंग बॉडी टैग ( </body> ) के ठीक पहले पेस्ट करें.
अब ऊपर बताये टूल्स की मदद से अपने ब्लॉग की पेज लोडिंग फिर से चेक करें. क्यों ? हो गया ना आपका ब्लॉग सुपरफास्ट ?

अगस्त 17, 2018 @ 2:32 अपराह्न
ज्ञानवर्धक लेख। इमेजेज के मामले में मैं खुद लापरवाह हूँ। अब से इसका ध्यान रखूंगा। काफी लोगों की ये लेख मदद करेगा।
अगस्त 17, 2018 @ 2:48 अपराह्न
धन्यवाद.. इस ब्लॉग को बेहतर बनाने के लिए आपके सुझावों का स्वागत है.
अगस्त 17, 2018 @ 3:23 अपराह्न
बढ़िया कम से कम मुझे optimiz वाला एप्प तो पता चल गया खुद के लिए प्रयोग कर सकता
अगस्त 17, 2018 @ 3:25 अपराह्न
धन्यवाद. तकनीक संबंधी समस्याओं को यहाँ पूछ सकते हैं. मुझे खुशी होगी सहायता करके.
सितम्बर 13, 2018 @ 8:59 पूर्वाह्न
मज़ेदार जानकारी है। सबसे बड़ी बात कि कोई भी ब्लॉगर इतनी गहराई में सोचता ही नहीं, फिर परेशान होता है कि पोस्ट रीच क्यों डाउन है। बहुत बढ़िया।